उत्तराखंड के किसानों के खातों में पहुंचे 161.96 करोड़ रुपए, ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ पर मुख्यमंत्री धामी ने जताया आभार,
देहरादून (प्रदेश की गाथा) देहरादून 30 अक्टूबर: राज्य के किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। इसी क्रम में, देहरादून के हाथीबड़कला स्थित सर्वे ऑडिटोरियम में आयोजित ‘पीएम-किसान उत्सव दिवस’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से रिमोट का बटन दबाकर उत्तराखंड के 8 लाख 8 हजार से अधिक लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से सीधे 161.96 करोड़ रुपए की सम्मान निधि हस्तांतरित की।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश के सभी लाभार्थियों को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में योजना की शुरुआत के समय राज्य के करीब 4 लाख किसान लाभान्वित हो रहे थे, जिनकी संख्या आज बढ़कर 8 लाख से अधिक हो चुकी है। इसके साथ ही, प्रदेश में कृषि विकास को गति देने के लिए ‘क्लाइमेट रिस्पॉन्सिव रेन-फेड फार्मिंग प्रोजेक्ट’ को भी मंजूरी दी गई है। सरकार प्राकृतिक खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है।
