गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में सफाई कर्मचारियों की मांगों पर महत्वपूर्ण बैठक, दिए आवश्यक दिशा निर्देश,
हरिद्वार (प्रदेश की गाथा) : राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष (केंद्रीय राज्य मंत्री) मा० भगवत प्रसाद मकवाना की अध्यक्षता में आज हरिद्वार के गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में सफाई कर्मचारियों की विभिन्न मांगों के संदर्भ में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। विश्वविद्यालय में कर्मचारियों की वेतन बढ़ोत्तरी, मृतक आश्रित कोटे में नियुक्ति, पीएफ, ईएसआई एवं निर्धारित अवकाश जैसी मांगों को लेकर पिछले लगभग 40 वर्षों से असंतोष और हड़ताल की स्थिति बनी हुई है।
अध्यक्ष ने इस विषय पर विस्तृत चर्चा कर उच्चाधिकारियों को निर्देश दिए कि कर्मचारियों की वेतन विसंगति को तत्काल सुधारा जाए तथा पीएफ, ईएसआई और अवकाश संबंधी समस्याओं का नियमानुसार निराकरण किया जाए। इसके अतिरिक्त मृतक आश्रित कोटे में नियुक्ति की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने और हड़ताल अवधि के दौरान “नो वर्क – नो पे” के विषय को आगामी बोर्ड प्रबंधन (BOM) की बैठक में रखने हेतु निर्देशित किया गया है।

बैठक में उपस्थित प्रमुख प्रतिभागी :
इस अवसर पर कुलपति प्रो० प्रतिभा मेहता लूथरा, रजिस्ट्रार प्रो० सत्यदेव निगलांकर, एडीएम श्री पीयूष गुप्ता, उप श्रम आयुक्त, अखिल भारतीय सफाई कर्मचारी संघ के उत्तराखंड प्रभारी श्री विशाल बिडला, शाखा अध्यक्ष श्री सोनू कुमार और महासचिव श्री सुरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। मोदी सरकार, धामी सरकार एवं आयोग सफाई कर्मियों के सशक्तिकरण और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
