हरिद्वार अर्द्धवार्षिक कुंभ-2027: पांडेवाला में प्रज्वलित हुईं जूना अखाड़े की धूनियां, विधि-विधान से विराजे इष्टदेव,
चारों मढ़ियों की स्थापना के साथ तप-साधना व छावनी स्थापना की तैयारियों ने पकड़ी गति; पंडा समाज और मेला प्रशासन के अधिकारियों ने संतों से की भेंट,
हरिद्वार (प्रदेश की गाथा ब्यूरो) : 25 नवंबर 2026 देव दीपावली के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में प्रवेश करने के पश्चात श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के ‘रमता पंचों’ की जमात ने पांडेवाला स्थित अपने प्रवास स्थल पर पारंपरिक धार्मिक गतिविधियां शुरू कर दी हैं। बुधवार को अखाड़े के इष्टदेव की विधिवत प्रतिष्ठा, चारों दिशाओं में चार मढ़ियों की स्थापना और धूनियों के प्रज्वलन के साथ संतों की आध्यात्मिक साधना का क्रम प्रारंभ हो गया। पवित्र अग्नि, वेदमंत्रों के उच्चारण और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से गुंजायमान है।
इष्टदेव की प्रतिष्ठा और शास्त्र-शस्त्र की स्थापना: अखाड़े की प्राचीन परंपरा के अनुसार पांडेवाला प्रवास स्थल की चारों दिशाओं में चार मढ़ियों के तंबू स्थापित कर उनमें धूनी प्रज्वलित की गई है। अखाड़ा परंपरा में धूनी को संतों की अखंड तपस्या का प्रतीक माना जाता है। इसके साथ ही प्रवास स्थल पर पारंपरिक शस्त्रों की भी स्थापना की गई है। ‘शास्त्र और शस्त्र’ दोनों को समान महत्व देने वाली अखाड़े की इस परंपरा के तहत यहां ज्ञान, वैराग्य और धर्म रक्षा के संकल्प का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।
नियमित दिनचर्या और छावनी स्थापना की तैयारी: रमता पंचों के प्रवास के साथ ही पूजा-अर्चना, जप-ध्यान, सत्संग और चिंतन-मनन की नियमित दिनचर्या शुरू हो गई है। पांडेवाला का यह प्रवास स्थल आगामी कुंभ मेले में अखाड़े की मुख्य छावनी स्थापना, धर्मध्वजा और भव्य पेशवाई जैसे आयोजनों की रूपरेखा तैयार करने का मुख्य केंद्र बन गया है। जल्द ही अन्य अखाड़े भी अपनी-अपनी परंपराओं के अनुसार कुंभ क्षेत्र में धार्मिक गतिविधियां प्रारंभ करेंगे।
पंडा समाज ने निभाई स्वागत की परंपरा: तीर्थ पुरोहितों के संगठन ‘पंचायती धड़ा फिराहेडियान-1200’ के अध्यक्ष सचिन कौशिक, मंत्री उमाशंकर वशिष्ठ और कोषाध्यक्ष अनिल कौशिक ने रमता पंचों का परंपरागत स्वागत किया। पदाधिकारियों ने प्रवास व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान करते हुए कहा कि अखाड़ों की सेवा और कुंभ की व्यवस्थाओं में सहभागिता पंडा समाज की प्राचीन परंपरा है, जिसका वे पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे।
मेला प्रशासन ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा, अखाड़े ने सराहा: मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देश पर अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती और उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह ने बुधवार को पांडेवाला पहुंचकर संतों से भेंट की। अधिकारियों ने अखाड़े के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमहंत महेश पुरी, राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमहंत शैलेन्द्र गिरी और सचिव श्रीमहंत कंचन गिरी के साथ प्रवास स्थल और आगामी छावनी स्थापना की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।
इस दौरान श्रीमहंत कंचन गिरी ने नगर प्रवेश पर किए गए भव्य स्वागत और कुंभ की समयबद्ध तैयारियों के लिए मेला प्रशासन तथा केंद्र व राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कुंभ सनातन संस्कृति का सर्वोच्च महापर्व है और इसके दिव्य एवं भव्य आयोजन में जूना अखाड़ा प्रशासन को हरसंभव सहयोग देगा।
