बहादराबाद-इब्राहिमपुर मुख्य मार्ग पर कूड़े का अंबार, राहगीर परेशान; ग्राम प्रधान ने दिया सफाई का आश्वासन,
हरिद्वार (बहादराबाद)। इब्राहिमपुर से बहादराबाद जाने वाले मुख्य मार्ग पर इन दिनों गंदगी और कूड़े का बड़ा ढेर लगा हुआ है, जो सीधे तौर पर ‘स्वच्छ भारत अभियान’ की धज्जियां उड़ा रहा है। सड़क किनारे खुले में फेंके जा रहे इस कचरे के कारण पूरे इलाके में भारी दुर्गंध फैली हुई है। इससे न केवल आसपास का वातावरण प्रदूषित हो रहा है, बल्कि इस मार्ग से रोजाना गुजरने वाले राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों की इस गंभीर समस्या को लेकर जब बहादराबाद ग्राम प्रधान से फोन पर वार्ता की गई, तो उन्होंने मामले का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। ग्राम प्रधान ने आश्वासन दिया है कि बहुत ही जल्द जेसीबी मशीन लगवाकर इस पूरे कूड़े के ढेर को वहां से हटवा दिया जाएगा। साथ ही, भविष्य में दोबारा कचरा न फेंका जाए, इसके लिए सड़क की तरफ से पक्की दीवार का निर्माण भी कराया जाएगा।
अब देखना यह होगा कि ग्राम प्रधान द्वारा दिए गए आश्वासन पर कितनी जल्दी अमल होता है और बहादराबाद-इब्राहिमपुर मुख्य मार्ग को गंदगी से निजात मिल पाती है। स्थानीय लोगों को अब सफाई अभियान शुरू होने और स्थायी समाधान का इंतजार है।
