चुनाव ड्यूटी में लापरवाही पर देहरादून डीएम सख्त, 250 से अधिक विभागों के प्रमुखों पर दर्ज होगी एफआईआर,
देहरादून। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर देहरादून जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। निर्वाचन कार्यों के लिए कर्मचारियों का विवरण उपलब्ध न कराने वाले सरकारी विभागों के खिलाफ जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कड़ा रुख अपनाया है। बार-बार निर्देश देने के बावजूद सूची न भेजने वाले 250 से अधिक विभागों के विभागाध्यक्षों पर मुकदमा दर्ज करने के सख्त आदेश जारी किए गए हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार, आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए रिजर्व स्टाफ सहित लगभग 23 हजार कार्मिकों की आवश्यकता है। इसके लिए जिले के सभी सरकारी विभागों और संस्थानों से उनके कर्मचारियों का पूरा ब्योरा मांगा गया था। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा के मुताबिक, जिले के करीब 500 विभागों ने ही अब तक अपने कर्मचारियों की सूची उपलब्ध कराई है, जिसके माध्यम से केवल 12 हजार कार्मिकों का ही डेटा प्राप्त हो सका है।
शेष 250 से अधिक विभागों द्वारा या तो अब तक सूची नहीं भेजी गई है या फिर अधूरी जानकारी दी गई है, जिससे चुनावी ड्यूटी के लिए मानव संसाधन के आकलन में बाधा आ रही है।
