दहेज प्रथा और शादियों में फिजूलखर्ची के खिलाफ वाल्मीकि समाज की फरीदाबाद में बैठक, 1 नवंबर को होडल में होगी महापंचायत,
फरीदाबाद : समाज में व्याप्त दहेज प्रथा और शादियों में होने वाली फिजूलखर्ची जैसी कुरीतियों के खिलाफ वाल्मीकि समाज ने एक बड़ी मुहिम शुरू की है। इसी कड़ी में, आगामी 1 नवंबर को होडल में आयोजित होने जा रही 52 पाल के वाल्मीकि समाज की महापंचायत की तैयारियों को लेकर फरीदाबाद के सर्किट हाउस (सेक्टर-16) में एक महत्वपूर्ण पंचायत का आयोजन किया गया।
पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र की सभी पालों के गणमान्य लोग शामिल हुए। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि शादियों में अत्यधिक दिखावा और दहेज के कारण गरीब परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है, जिसे रोकने के लिए कड़े सामाजिक नियम बनाना जरूरी है। समाज के पदाधिकारियों ने युवाओं और परिवारों से अपील की है कि वे इस फिजूलखर्ची को बंद करें। नेताओं ने 1 नवंबर को होडल में होने वाली महापंचायत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया, जहां इन सामाजिक बुराइयों को पूरी तरह समाप्त करने के लिए बड़े और ऐतिहासिक फैसले लिए जाएंगे।
