देवबंद शुगर मिल पर किसानों के बकाया ब्याज के 97 करोड़ रुपये होने का दावा, किसान नेता चौधरी प्रीतम सिंह ने उठाए गंभीर सवाल,
देवबंद : किसान नेता चौधरी प्रीतम सिंह ने एक यूट्यूब चैनल से खास बातचीत के दौरान देवबंद शुगर मिल प्रबंधन और किसानों के बकाया गन्ना भुगतान को लेकर कई गंभीर मुद्दे उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि मिल पर किसानों के रुके हुए गन्ना भुगतान के ब्याज के रूप में आज भी लगभग 97 करोड़ रुपये बकाया हैं। उनके इस बयान के सामने आने के बाद क्षेत्र में गन्ना किसानों के अधिकारों और बकाया भुगतान को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है।
साक्षात्कार के दौरान चौधरी प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि जब भी मिल से किसानों के बकाया भुगतान और ब्याज की वसूली की बात उठती है, तो प्रशासनिक अमला मिल मालिकों के प्रभाव में आ जाता है।
उन्होंने कहा कि इसी दबाव के कारण शासन स्तर पर भी किसानों के हितों से जुड़े मामलों में ठोस और अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो पाती है।
इसके साथ ही किसान नेता ने सरकार और शुगर मिल प्रबंधन के बीच कथित आर्थिक लेन-देन पर भी सवाल खड़े किए। उनका आरोप है कि मिल से चंदा लिए जाने के कारण सरकार भी मिल मालिकों के दबाव में काम करती है। हालांकि, उनके द्वारा लगाए गए इन आरोपों की पुष्टि के लिए अभी तक कोई आधिकारिक या दस्तावेजी प्रमाण सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आया है।
