बाल विवाह रोकने को प्रत्येक नागरिक को निभानी होगी सामाजिक जिम्मेदारी : डॉ. ललित नारायण मिश्र
हरिद्वार। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत बुधवार को विकास भवन सभागार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि बाल विवाह कानूनन अपराध है, इसे रोकने के लिए प्रत्येक नागरिक को सामाजिक जिम्मेदारी तय करनी होगी तथा पारिवारिक निर्णयों में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) की सचिव एवं सिविल जज डॉ. सिमरनजीत कौर ने आमजन से चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर शिकायत करने की अपील करते हुए पीड़ितों को हर प्रकार की कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया ने बाल विवाह को बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य व भविष्य के लिए घातक बताया।
कार्यक्रम में सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष ने वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं पर प्रकाश डाला, जबकि विनीता मेहता, नीलम एवं प्रतिभा ने अपने विचार साझा किए। इस दौरान दो लघु फिल्में भी दिखाई गईं और सभी विकासखंडों में जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती संतोष रावत ने किया।
इस अवसर पर सिद्धांत, रोहित, विनिता, विक्रांत, ज्ञानेंद्र व मीनाक्षी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
