प्रदेश की गाथा
ब्यूरो रिपोर्ट: हरिद्वार
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027: हरिद्वार जिला प्रशासन ने कसी कमर, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने दिए सख्त निर्देश
मतदान केंद्रों और बूथों के भौतिक सत्यापन के लिए अधिकारियों को मिला दो दिन का अल्टीमेटम,
सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए लाइसेंसी शस्त्रों को जमा कराने और संदिग्धों को चिह्नित करने की कार्रवाई शुरू,
मतदाता सूची को शुद्ध बनाने के लिए फॉर्म-6 और फॉर्म-8 भरवाने के काम में तेजी लाने के निर्देश,
हरिद्वार। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में हरिद्वार जिला प्रशासन ने आगामी विधानसभा निर्वाचन-2027 की प्रशासनिक और सुरक्षा संबंधी तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव को पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों, उपजिलाधिकारियों (SDM) और खंड विकास अधिकारियों (BDO) के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की।
बूथों के फाइनलाइजेशन के लिए दो दिन का समय,
जिलाधिकारी ने बैठक में सख्त रुख अपनाते हुए सभी विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले मतदान केंद्रों और बूथों का स्थलीय सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम और बीडीओ अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर बूथों पर पानी, बिजली, शौचालय, और रैंप जैसी बुनियादी सुविधाओं की भौतिक स्थिति की जांच करें। इसके लिए अधिकारियों को दो दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट जिला मुख्यालय को सौंपने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही, सहायक रिटर्निंग अधिकारियों (ARO) और जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की प्रारंभिक रूपरेखा तैयार करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
सुरक्षा व्यवस्था होगी चाक-चौबंद, जमा होंगे लाइसेंसी हथियार,
चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी लाइसेंसी शस्त्रों का तत्काल सत्यापन कर उन्हें थानों में जमा कराने की कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही बैंकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में तैनात सुरक्षा गार्डों के हथियारों के संबंध में अलग से आवेदन प्राप्त करने को कहा गया है। सुरक्षा के लिहाज से चुनाव में व्यवधान डालने वाले संदिग्धों, असामाजिक तत्वों और आपराधिक पृष्ठभूमि के व्यक्तियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कड़ी निरोधात्मक कार्रवाई करने के आदेश जारी किए गए हैं। अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर भी पैनी नजर रखने को कहा गया है।
मतदाता सूची पुनरीक्षण पर विशेष जोर,
निर्वाचन आयोग के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची को अपडेट करने का काम युद्ध स्तर पर जारी है। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 1 जनवरी 2027 की अहर्ता तिथि के आधार पर नए और योग्य युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए फॉर्म-6 भरवाने का अभियान तेज किया जाए। वहीं, जिन मतदाताओं के विवरणों में कोई त्रुटि है, उसे सुधारने या नाम हटाने के लिए फॉर्म-8 भरवाने की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए ताकि एक पारदर्शी और शुद्ध मतदाता सूची तैयार की जा सके।
