अर्द्धवार्षिक कुम्भ मेला 2027: सुरक्षा व भीड़ प्रबन्धन को लेकर पुलिस महानिरीक्षक ने किया हर की पैड़ी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण,
हरिद्वार (प्रदेश की गाथा): अर्द्धवार्षिक कुम्भ मेला 2027 को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए कुम्भ मेला पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 29 अक्टूबर 2026 को पुलिस महानिरीक्षक डॉ. योगेन्द्र सिंह रावत और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने कुम्भ मेला कोर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने हर की पैड़ी, मालवीय द्वीप, कांगड़ा द्वीप, अपर रोड और प्रशासनिक मार्ग से चण्डी चौक तक की भौगोलिक परिस्थितियों का जायजा लिया। इस दौरान स्नान पर्वों पर श्रद्धालुओं के आवागमन, भीड़ प्रबन्धन, होल्डिंग एरिया तथा आपातकालीन निकास योजनाओं की समीक्षा की गई। साथ ही भगदड़, अग्नि और आतंकवादी घटनाओं जैसी आपदाओं से निपटने के प्लान को परखकर दिशा-निर्देश दिए गए।
भ्रमण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भट्ट, अपर पुलिस अधीक्षक (संचार) विपिन कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (लाईन) वेदप्रकाश भट्ट, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) उमेश मलिक सहित सम्बन्धित शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
