नवादा में अजूबा: विधवा पेंशनधारी के खाते में दिखे 740 करोड़ रुपये, मची सनसनी,
नवादा (बिहार) : बिहार के नवादा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में अपनी सामाजिक सुरक्षा विधवा पेंशन की राशि निकालने गई एक गरीब महिला के खाते में अचानक 740 करोड़ 68 लाख रुपये से अधिक का बैलेंस दिखाई देने लगा।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह अजीबोगरीब घटना नवादा शहर के वार्ड नंबर-28 स्थित नीम टोला की रहने वाली रेखा देवी के साथ घटी। वह बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) पर अपनी 1,100 रुपये की पेंशन राशि निकालने पहुंची थीं। पैसे निकालने के बाद जब उन्होंने शेष राशि की रसीद देखी, तो अरबों का बैलेंस देखकर उनके और सीएसपी संचालक के होश उड़ गए।
इतनी बड़ी रकम देखकर रेखा देवी इतनी बुरी तरह घबरा गईं कि सदमे के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें रात भर नींद नहीं आई। इस अप्रत्याशित घटना को बैंकिंग सॉफ्टवेयर या सर्वर की तकनीकी गड़बड़ी माना जा रहा है। पीड़िता और स्थानीय लोगों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
