हरिद्वार में भारी बारिश से जलभराव : जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्थलीय निरीक्षण करते हुए त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश।
हरिद्वार : उत्तराखंड के जनपद हरिद्वार में लगातार हो रही भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा हो गई है। आम जनता को हो रही दिक्कतों को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्वयं मोर्चा संभाला। उन्होंने भगत सिंह चौक, रानीपुर मोड़, कनखल के गुरुबख्श विहार और राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूमनानंद अस्पताल के पास जलभराव वाले संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जल निगम और संबंधित विभागीय अधिकारियों को युद्धस्तर पर पानी की निकासी करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर काम करें ताकि जनता को राहत मिल सके। जलभराव के कारण प्रभावित हो रहे यातायात को सुचारू रखने के लिए उन्होंने पुलिस प्रशासन को जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्ट करने के निर्देश दिए, जिससे शहर में जाम न लगे।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कहीं से भी जलभराव की शिकायत मिलने पर तत्काल रिस्पांस दिया जाए। इसके साथ ही, लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी ने जनपदवासियों, श्रद्धालुओं और विशेषकर नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक रूप से गंगा घाटों और नदी किनारों पर न जाने का आग्रह किया।
इस स्थलीय निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट हरगिरी, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह और यातायात निरीक्षक संदीप नेगी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
