लक्सर क्षेत्र में बाढ में फंसे पिता-पुत्र का सुरक्षित रेस्क्यू, पुलिस और SDRF की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा,
लक्सर : भारी बारिश और जलभराव के संकट के बीच कोतवाली लक्सर पुलिस और SDRF की टीम ने एक संयुक्त अभियान चलाकर निर्माणाधीन मकान में फंसे पिता-पुत्र को सकुशल बाहर निकाल लिया है।
आपको बताते चलें कि गुरुवार, 9 जुलाई को रुड़की कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि बसेड़ी के पास एक निर्माणाधीन मकान के चारों ओर भारी जलभराव हो गया है। पानी के तेज बहाव और घेरे के कारण दो व्यक्ति बीती रात से वहीं फंसे हुए थे। सूचना मिलते ही लक्सर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचीं।
टीमों ने सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई करते हुए पानी के बीच से दोनों व्यक्तियों का सुरक्षित रेस्क्यू किया। पूछताछ में पता चला कि दोनों आपस में पिता-पुत्र हैं और मकान निर्माण के काम से वहां रुके थे, लेकिन अचानक पानी बढ़ने से फंस गए। स्थानीय प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे भारी बारिश में जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और आपात स्थिति में तुरंत सूचित करें।
