आस्था के दीप और सुरक्षा की अनदेखी: बदियाकोट मंदिर की आग से सीख,
उत्तराखंड : बागेश्वर जिले की कपकोट तहसील के दुर्गम हिमालयी क्षेत्र में स्थित बदियाकोट माँ भगवती (आदिबद्री धाम) मंदिर में नवरात्र के पावन अवसर पर लगी आग अत्यंत हृदयविदारक है। पूजा के लिए जलाए गए दीपकों या शॉर्ट सर्किट की आशंका के बीच, लकड़ी की पारंपरिक नक्काशी से निर्मित यह सांस्कृतिक धरोहर देखते ही देखते स्वाहा हो गई।
इस प्रकरण का सबसे गंभीर पहलू प्रशासनिक और सुरक्षात्मक खामी है। कपकोट से लगभग 50 किमी दूर इस अति-दुर्गम इलाके में कोई अग्निशमन (फायर सर्विस) व्यवस्था उपलब्ध नहीं थी। पहाड़ी क्षेत्रों के पारंपरिक काष्ठ-निर्मित (लकड़ी के) धार्मिक स्थलों में आग का खतरा हमेशा बना रहता है, फिर भी पर्वतीय अंचलों में ऐसे संवेदनशील स्थानों पर बुनियादी सुरक्षा इंतजाम न होना चिंताजनक है।
DM Bageshwar और शासन को इस घटना को एक कड़े सबक के रूप में लेना चाहिए। हमारे पौराणिक धरोहरों को सिर्फ त्योहारों पर सजाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि वहाँ स्थायी फायर फाइटिंग सिस्टम और ग्रामीण स्तर पर त्वरित आपदा तंत्र विकसित करना अनिवार्य है ताकि भविष्य में ऐसी अमूल्य सांस्कृतिक विरासत को राख होने से बचाया जा सके।
