हरिद्वार में भाजपा का धरना: विपक्ष पर बरसे दो कैबिनेट मंत्री, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन,
हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार में आज उस समय सियासी पारा चढ़ गया जब सूबे की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) खुद सड़कों पर उतर आई। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विपक्षी कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए एक जोरदार धरना प्रदर्शन किया और उन पर गंभीर आरोप लगाए।
इस प्रदर्शन की खास बात इसमें शामिल भारी-भरकम चेहरे रहे। धरने में धामी सरकार के दो-दो कैबिनेट मंत्री, कई पूर्व विधायक, राज्यमंत्री और भाजपा जिलाध्यक्ष समेत पार्टी के तमाम बड़े पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रदर्शन के बाद राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसे लेने के लिए खुद कोई बड़ा प्रशासनिक अधिकारी नहीं बल्कि तहसीलदार पहुंचे।
सत्तारूढ़ दल के इस कदम और छोटे अधिकारी को ज्ञापन सौंपने पर अब राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब सरकार खुद भाजपा की है, तो प्रदर्शन की जगह सीधे कार्रवाई क्यों नहीं हुई? साथ ही, इतने बड़े मंत्रियों की मौजूदगी में ज्ञापन लेने के लिए किसी बड़े अधिकारी का न आना भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
