ब्लाक बहादराबाद परिसर में शहीद स्मारक पार्क बदहाल, बीडीओ ने दिया जल्द सुधार का आश्वासन,
हरिद्वार : ब्लॉक बहादराबाद के प्रांगण में स्थापित शहीद स्मारक पार्क पिछले एक वर्ष से देखरेख के अभाव में लावारिस हालत में है। लंबे समय से साफ-सफाई न होने के कारण पूरा पार्क जंगल में तब्दील हो चुका है।
पार्क में स्थापित सम्राट पृथ्वीराज चौहान की मूर्ति भी उपेक्षा का शिकार है। इसके अलावा, शहीद स्मारक परिसर में बना आधा-अधूरा शौचालय भी बदहाली के आंसू रो रहा है। इस अव्यवस्था को लेकर क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश है और वे खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) मानस मित्तल की कार्यशैली पर लगातार सवाल उठा रहे हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने बीडीओ मानस मित्तल से मुलाकात की। ग्रामीणों ने उन्हें पार्क की दुर्दशा से अवगत कराया और तुरंत साफ-सफाई कराने व अधूरे शौचालय का निर्माण पूरा करने की मांग की।
वार्ता के बाद बीडीओ ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि जल्द से जल्द पार्क की सफाई कराई जाएगी और रुके हुए निर्माण कार्य को पूरा किया जाएगा।
