Pradesh ki gatha : मौत के साए में जीने को मजबूर ग्रामीण, घरों की छतों के ऊपर से गुजर रही 11000 वोल्ट की हाई वोल्टेज लाइन,
हरिद्वार : हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के गांव धनपुरा थाना पथरी क्षेत्र में ग्रामीण लंबे समय से डर और खतरे के बीच जीवन जीने को मजबूर हैं। गांव में कई घरों की छतों के ऊपर से 11000 वोल्ट की हाई वोल्टेज बिजली लाइन गुजर रही है, जिससे हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। इस गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीणों ने सोमवार को जिलाधिकारी हरिद्वार को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
एक साल से रुका पड़ा है लाइन शिफ्ट करने का काम,
ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक साल पहले विधायक निधि से इस खतरनाक बिजली लाइन को दूसरी जगह शिफ्ट करने का कार्य शुरू हुआ था। इससे गांव के लोगों को उम्मीद जगी थी कि उन्हें इस खतरे से राहत मिल जाएगी। लेकिन गांव के ही एक किसान द्वारा आपत्ति लगाए जाने के बाद कार्य बीच में ही रोक दिया गया। तब से लेकर अब तक काम दोबारा शुरू नहीं हो पाया है।
हर समय बना रहता है हादसे का डर,
ग्रामीणों का कहना है कि बच्चे अक्सर छतों पर खेलते हैं और महिलाएं रोजमर्रा के काम करती हैं, लेकिन ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन के कारण हर समय करंट और बड़े हादसे का डर बना रहता है। कई बार बिजली विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं।
ग्रामीणों ने रखी अपनी बात,
ग्रामीणों ने कहा कि जिस किसान ने लाइन शिफ्ट करने पर आपत्ति लगाई है, वे यह नहीं चाहते कि किसी किसान की निजी जमीन के ऊपर से जबरन बिजली लाइन निकाली जाए। ग्रामीणों का कहना है कि गांव का सार्वजनिक रास्ता सरकार की संपत्ति होता है और नियम के अनुसार वहां से बिजली लाइन निकाली जा सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक रास्ते की पैमाइश कराकर उसी मार्ग से लाइन शिफ्ट कराई जाए, ताकि किसी का निजी नुकसान भी न हो और गांव के लोगों को खतरे से राहत मिल सके।
विधायक निधि से बजट मिलने पर जताया आभार,
ग्रामीणों ने कहा कि वर्तमान विधायक द्वारा विधायक निधि से 11000 वोल्ट की लाइन शिफ्ट करने के लिए बजट उपलब्ध कराया गया था, जिसके लिए क्षेत्रवासी उनका धन्यवाद करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह कार्य बीच में लटका हुआ है, इसलिए जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए लगातार प्रयास करने चाहिए, ताकि जल्द से जल्द समाधान निकल सके और गांव के लोगों को राहत मिल सके।
मौके का निरीक्षण कर कार्रवाई की मांग,
ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी से मांग की है कि जिस रास्ते से पहले बिजली लाइन शिफ्ट करने का प्रस्ताव था, वहां राजस्व विभाग से जल्द पैमाइश कराई जाए और कानूनी प्रक्रिया के तहत लाइन को वहां से खिंचवाया जाए, ताकि विवाद भी समाप्त हो और ग्रामीणों को इस खतरे से हमेशा के लिए राहत मिल सके।
साथ ही ग्रामीणों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके का निरीक्षण कर राजस्व विभाग और बिजली विभाग को आवश्यक निर्देश देने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का समाधान हो सके।
इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता मौ. सलीम, मौ. मुस्तफा अंसारी, सदस्य उप प्रधान सलीम अहमद, तिलक राम, नाथी राम, नन्द राम, भोपाल सिंह, रामेश सिंह, विक्रम सिंह, रजत करवल सुखबीर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और सभी ने इस मांग का समर्थन किया।
