कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर हरिद्वार में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, ग्राउंड जीरो पर उतरे एसपी सिटी,
हरिद्वार: पावन कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व के अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार के गंगा घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही हरकी पैड़ी समेत अन्य प्रमुख घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं ने पुण्य की डुबकी लगाई। भारी भीड़ के मद्देनजर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए एसपी सिटी दीपक कुमार अपने मातहत अधिकारियों के साथ स्वयं ग्राउंड जीरो पर मुस्तैद नजर आए।
उन्होंने विभिन्न मेला क्षेत्रों और प्रमुख चौराहों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया। इस दौरान एसपी सिटी ने कड़ी धूप और भीड़ के बीच ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। स्नान संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं की उनके गंतव्यों के लिए सकुशल और सुगम वापसी सुनिश्चित करने हेतु पुलिस के जवान गंगा घाटों से लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग (हाईवे) तक पूरी तरह मुस्तैद जुटे रहे, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रही।
