कांवड़ मेला-2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु पुलिस कल्याण समिति का गठन,
हरिद्वार : आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सकुशल संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने कमर कस ली है। मेले के सफल आयोजन और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सुविधाओं के प्रभावी समन्वय के लिए एक विशेष ‘पुलिस कल्याण समिति’ का गठन किया गया है। पुलिस अधीक्षक नगर (SP City) को इस पूरी व्यवस्था का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इस नवगठित समिति में चार वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। समिति के सदस्यों में क्षेत्राधिकारी सदर/लाइन श्री सुरेंद्र प्रसाद बलूनी, प्रतिसार निरीक्षक श्री प्रवीण आलोक, कोतवाली भगवानपुर के प्रभारी निरीक्षक श्री रितेश शाह और सिडकुल थाना प्रभारी श्री अजय शाह शामिल हैं।
यह समिति कांवड़ मेले के दौरान दिन-रात क्षेत्र में मुस्तैद रहने वाले पुलिस जवानों के रहने, खाने और स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सुविधाओं का ध्यान रखेगी। समिति का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों के कल्याण से जुड़े कार्यों का प्रभावी संचालन करना है, ताकि बल उच्च मनोबल के साथ मेला ड्यूटी को सफलतापूर्वक पूरा कर सके।
