स्थाई राजधानी के अनशन का 25वाँ दिन, पहाड़ी आर्मी के पूर्व जिलाध्यक्ष मोहन कांडपाल ने संभाला मोर्चा,
हल्द्वानी। 11 नवंबर 2026। उत्तराखंड की स्थायी राजधानी गैरसैंण बनाए जाने की मांग को लेकर बुद्ध पार्क, तिकोनिया में 18 अक्टूबर से चल रहा अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन 25वें दिन भी जारी रहा। आज अनशन पर पहाड़ी आर्मी के पूर्व जिलाध्यक्ष मोहन कांडपाल बैठे। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन के दौरान आंदोलनकारियों पर हुई बर्बरता बेहद असहनीय थी। उत्तराखंड देश का एकमात्र ऐसा राज्य है जिसे पाने के लिए 43 शहादतें हुईं और एक दशक तक लंबा संघर्ष चला, इसलिए आज राज्यवासियों को फिर से एकजुट होने की जरूरत है।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे पूर्व आईएएस विनोद प्रसाद रतूड़ी ने बताया कि पिछले 25 दिनों से राज्य के विभिन्न हिस्सों से लोग हल्द्वानी पहुंचकर इस अभियान को समर्थन दे रहे हैं। इस बड़े जनसमर्थन से साफ है कि स्थायी राजधानी का यह संघर्ष जरूर सफल होगा। वहीं, उत्तराखंड क्रांति दल के सैनिक प्रकोष्ठ के महामंत्री कैप्टन महेश तिवारी ने कहा कि राज्य का निर्माण पहाड़ के अस्तित्व, अस्मिता और संस्कृति की रक्षा के लिए हुआ था, लेकिन वर्षों बाद भी स्थायी राजधानी का प्रश्न अधूरा है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि पहाड़ के खेत, किसान, गांव और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को बचाने के लिए गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाना अनिवार्य है और शहीदों के सपनों को अब और अधूरा नहीं छोड़ा जा सकता। उपस्थित आंदोलनकारियों ने पलायन, रोजगार और पर्वतीय विकास के मुद्दों पर हर वर्ग से आंदोलन में जुड़ने की अपील की। इस अवसर पर प्रेमा मेर, कविता जीना, नीमा भट्ट, अंजू पांडेय, राजेंद्र कांडपाल, आनंद कन्याल, तारा पांडेय, मनोज रावत, देवेंद्र सालाकोट, रजत पाटनी, गोपाल दत्त कुमेड़ी, हिमानी पांडे, ज्योतिष्ण पांडे, कार्तिक दास और विनोद घड़ियाल सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
