हरिद्वार में परिवहन विभाग ने कार्रवाई करते हुए 69 वाहनों के किए चालान और 09 गाडियों को किया सीज,
हरिद्वार(प्रदेश की गाथा ) आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने हरिद्वार में बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में टीमों ने जनपद के श्यामपुर, ऋषिकुल, सिडकुल और जगजीतपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा के अनुसार, इस अभियान के तहत 69 वाहनों के चालान किए गए और 9 वाहनों को सीज किया गया।
कार्रवाई के दौरान मालवाहक वाहनों में ओवरलोडिंग, यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां बिठाने, बिना वैध परमिट व बीमा के वाहन चलाने तथा गलत लेन में ड्राइविंग जैसे गंभीर उल्लंघन पाए गए। चेकिंग के इशारे को अनदेखा कर भागने वाले चालकों के खिलाफ भी चालान दर्ज किए गए। विभाग ने सभी चालकों से अपील की है कि वे त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े मानकों का सख्ती से पालन करें।
