नशे के सौदागरों पर हरिद्वार पुलिस का प्रहार, 12.11 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार,
रुड़की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के निर्देशन में हरिद्वार जनपद पुलिस द्वारा नशा तस्करों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कोतवाली रुड़की पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पुलिस टीम दिनांक 17 अक्टूबर 2026 को क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चेकिंग पर थी। लालकुर्ती और ढण्डेरा फाटक होते हुए जब पुलिस टीम गोल भट्टा की तरफ पहुँची, तो सड़क किनारे एक संदिग्ध व्यक्ति खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को नजदीक आते देख आरोपी ने घबराहट में अपनी जेब से कुछ निकालकर फेंकने का प्रयास किया। मुस्तैद पुलिस टीम ने फुर्ती दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया।
जब पुलिस द्वारा नियमानुसार उसकी तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से 12.11 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। ड्रग डिटेक्शन किट के माध्यम से की गई त्वरित जाँच में बरामद पदार्थ के स्मैक होने की शत-प्रतिशत पुष्टि हुई।
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह क्षेत्र में फुटकर (रिटेल) में स्मैक बेचने का अवैध धंधा करता है। इसके साथ ही उसने पुलिस को मुख्य सप्लायर के नाम और पते के बारे में भी अहम सुराग दिए हैं।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ कोतवाली रुड़की में मु0अ0सं0 0469/2026 के तहत धारा 8/21 NDPS Act में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। आरोपी को आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में प्रकाश में आए मुख्य ड्रग सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं और उसे भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
