सुल्तानपुर में बहुद्देशीय शिविर: 220 लाभार्थियों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ,
हरिद्वार : 15 अक्टूबर को उत्तराखण्ड शासन के निर्देशानुसार जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आज नगर पंचायत सुल्तानपुर में सेवा संकल्प अभियान “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के अंतर्गत एक विशाल बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। राज्य मंत्री ओम प्रकाश जमदग्नि की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में करीब 250 नागरिकों ने प्रतिभाग कर इसका लाभ उठाया। शिविर के दौरान 25 अलग-अलग विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जहां कुल 220 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही प्रदान किया गया।
शिविर को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री ओम प्रकाश जमदग्नि ने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं को पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ जनसमस्याओं का पारदर्शी और समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए। शिविर में कुल 20 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 14 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया और शेष को संबंधित विभागों को भेजा गया।
लक्सर के उप जिलाधिकारी अनिल शुक्ला ने राज्य मंत्री को आश्वस्त किया कि सभी आवेदनों और शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। शिविर में पूर्व विधायक संजय गुप्ता, बाबू ताहिर हसन और अधिशासी अधिकारी प्रियंका ध्यानी सहित कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
