पिरान कलियर में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर आयोजित, 5 शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण,
हरिद्वार ( प्रदेश की गाथा ) 13 अक्टूबर 2026: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मंगलवार को नगर पंचायत पिरान कलियर में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सेवा संकल्प अभियान के तहत बहुद्देशीय शिविर आयोजित हुआ। शिविर की अध्यक्षता राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति ने की।
मंत्री प्रजापति ने कहा कि सरकार जनता के बीच पहुँचकर समस्याओं का त्वरित निस्तारण कर रही है, ताकि लोगों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। शिविर में राजस्व और स्वास्थ्य सहित 25 विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी।
इस दौरान 450 ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 117 पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। शिविर में 11 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 का मौके पर तुरंत निस्तारण किया गया और शेष 6 आवेदन संबंधित विभागों को भेजे गए। संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।
