कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की अध्यक्षता में महिला एवं बाल विकास के राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय बैठक संपन्न, समापन सत्र में पीएम मोदी देंगे मार्गदर्शन,
देहरादून (प्रदेश की गाथा) आगामी 8 और 9 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले दो दिवसीय राष्ट्रीय विभागीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर आज शासकीय आवास देहरादून में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आहूत की गई। इस बैठक में उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ सम्मेलन की रूपरेखा और तैयारियों पर बिंदुवार व्यापक चर्चा-परिचर्चा की।
नई दिल्ली में होने वाले इस राष्ट्रीय सम्मेलन में महिला सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, आंगनवाड़ी व्यवस्था, पोषण और बाल संरक्षण जैसे अति-महत्वपूर्ण विषयों पर देश के विभिन्न राज्यों के अनुभव और सुझाव साझा किए जाएंगे। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि यह सम्मेलन उत्तराखंड के लिए एक बड़ा अवसर है, जिसके माध्यम से राज्य में महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों को राष्ट्रीय पटल पर रखा जाएगा और अन्य राज्यों की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को भी समझने का मौका मिलेगा। सम्मेलन के समापन सत्र में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का मार्गदर्शन प्राप्त होगा, जो इस क्षेत्र को नई दिशा देगा।
बैठक में विभागीय सचिव श्री चंद्रेश कुमार यादव, अपर सचिव श्री कर्मेंद्र सिंह, निदेशक श्री बंशीलाल राणा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
