ऑपरेशन प्रहार के तहत पथरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 16 पेटी अवैध शराब के साथ एक शराब माफिया किया गिरफ्तार,
हरिद्वार: जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के अंतर्गत कोतवाली पथरी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के कड़े निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने धनपुरा गांव से एक शराब माफिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 16 पेटी (कुल 810 टेट्रा पैक) अवैध देशी शराब बरामद की है।
थानाध्यक्ष पथरी रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीमों द्वारा क्षेत्र के लिंक रोड, चक रोड और हाईवे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से क्षेत्र के शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
पथरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम (Excise Act) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। आवश्यक अग्रिम वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
