मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन से मिले संदीप गुप्ता, जनहित एवं जनसुरक्षा के मुद्दों पर सौंपा पत्र; त्वरित कार्रवाई का मिला सकारात्मक आश्वासन”
हरिद्वार : सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, हरिद्वार के जिला उपाध्यक्ष संदीप गुप्ता ने उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन जी से भेंट कर जनहित, जनसुविधाओं, पर्यावरण, व्यापारिक समस्याओं एवं सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों के संबंध में पत्र सौंपा।
संदीप गुप्ता ने बताया कि उनके द्वारा समय-समय पर जनसमस्याओं, नागरिक सुविधाओं, व्यापारिक हितों, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, गंगा संरक्षण, यातायात एवं आमजन की सुरक्षा से संबंधित विषय संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखे जाते रहे हैं। उनका उद्देश्य सदैव समस्याओं को सकारात्मक एवं रचनात्मक तरीके से शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर उनके समाधान में सहयोग करना रहा है।
मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन जी ने संदीप गुप्ता द्वारा प्रस्तुत पत्र को गंभीरतापूर्वक लेते हुए पत्र में उल्लिखित विषयों को संबंधित स्तर पर आवश्यक रूप से देखने एवं नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही। मुख्य सचिव द्वारा जनहित से जुड़े इन विषयों पर सकारात्मक दृष्टिकोण व्यक्त किए जाने पर संदीप गुप्ता ने उनका आभार व्यक्त किया।
हरिद्वार में CCTV व्यवस्था मजबूत करने का सुझाव,
पत्र में विशेष रूप से हरिद्वार की सार्वजनिक सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए CCTV नेटवर्क को चरणबद्ध रूप से मजबूत किए जाने का सुझाव दिया गया।
संदीप गुप्ता ने कहा कि हरिद्वार धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण नगरी है। यहां वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, यात्रियों एवं पर्यटकों का आवागमन रहता है। ऐसे में आवश्यकता के अनुसार प्रमुख बाजारों, चौराहों, घाटों, धार्मिक स्थलों, संवेदनशील स्थानों एवं प्रमुख मार्गों पर CCTV कैमरों की व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाना उपयोगी रहेगा।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि व्यापारियों एवं नागरिकों को अपनी दुकानों, प्रतिष्ठानों एवं निजी परिसरों में अपने स्तर से CCTV कैमरे लगाने के लिए जागरूक एवं प्रोत्साहित किया जाए। इससे व्यक्तिगत सुरक्षा के साथ-साथ आसपास के सार्वजनिक क्षेत्र की सुरक्षा में भी सहयोग मिल सकता है।
संदीप गुप्ता ने कहा कि सरकारी एवं निजी CCTV व्यवस्था के बीच प्रचलित कानून, निजता एवं निर्धारित नियमों का पूर्ण पालन करते हुए आवश्यक समन्वय विकसित किया जा सकता है, जिससे किसी घटना की स्थिति में पुलिस एवं प्रशासन को आवश्यक सहयोग मिल सके।
उन्होंने कहा कि जनहित में प्रस्तुत किए जाने वाले प्रार्थना-पत्रों पर संबंधित विभाग एवं सक्षम अधिकारियों द्वारा नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई एवं प्रभावी मॉनिटरिंग की व्यवस्था को और मजबूत किया जाना जनता एवं प्रशासन के बीच विश्वास को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
संदीप गुप्ता ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी अधिकारी अथवा विभाग पर टिप्पणी करना नहीं, बल्कि जागरूक नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में शासन-प्रशासन के जनहितकारी प्रयासों में सकारात्मक सहयोग देना है। उन्होंने मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन जी द्वारा पत्र को सकारात्मक रूप से लिए जाने पर आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वह “जनहित सर्वोपरि” की भावना के साथ जनसमस्याओं, पर्यावरण, गंगा संरक्षण, व्यापारिक हितों एवं जनसुरक्षा से जुड़े विषयों को उचित मंच तक पहुंचाते रहेंगे।
