सीएम धामी का अल्टीमेटम: 15 अक्टूबर तक हर हाल में गड्ढामुक्त हों उत्तराखंड की सड़कें, लापरवाही पर नपेंगे अफसर,
देहरादून : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मानसून सीजन समाप्त होते ही 15 अक्टूबर तक राज्य की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने का सख्त अल्टीमेटम जारी किया है. मुख्यमंत्री आवास से राज्य के सभी जिलाधिकारियों (DMs) के साथ हुई एक उच्च स्तरीय वर्चुअल बैठक में सीएम ने दोटूक कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और खराब काम होने पर संबंधित अभियंताओं व ठेकेदारों पर सीधी कार्रवाई होगी.इस बैठक में मुख्यमंत्री ने व्यापक स्तर पर सुधार के लिए निम्नलिखित महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
सड़कों का सुदृढ़ीकरण : मानसून और भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हुए मार्गों तथा जलभराव वाले ड्रेनेज सिस्टम को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जाए।
यात्रा और मानसून अलर्ट : मुख्यमंत्री ने आगामी चारधाम यात्रा और कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आपदा प्रबंधन तंत्र को ‘हाई अलर्ट मोड’ पर रखने को कहा है. सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि आपातकालीन स्थिति के लिए अपने मोबाइल फोन चौबीसों घंटे ऑन रखें।
जमीनी स्तर पर निगरानी : प्रत्येक जिले में सड़कों की मरम्मत के लिए विशेष निगरानी समितियां गठित की जाएंगी. खुद मुख्यमंत्री कार्यों की गुणवत्ता परखने के लिए सड़क मार्ग से औचक निरीक्षण करेंगे.सरकार का मुख्य उद्देश्य चारधाम आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय जनता को सुरक्षित और सुगम यातायात की सुविधा देना है. इसके साथ ही सीएम ने सरकारी योजनाओं के सत्यापन अभियान में तेजी लाने और अपात्र लोगों को हटाने के भी निर्देश दिए हैं।
