कांवड़ियों की सेवा में आगे आया ज्वालापुर-हरिद्वार प्रेस क्लब, फल एवं शीतल पेय वितरित किया,
हरिद्वार : पवित्र कांवड़ यात्रा के दौरान ज्वालापुर-हरिद्वार प्रेस क्लब (रजि.) ने सामाजिक सरोकार और सेवा भावना का परिचय देते हुए जटवाड़ा पुल क्षेत्र में विशाल फल एवं शीतल पेय वितरण शिविर का आयोजन किया। शिवभक्त कांवड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें केले, पानी की बोतलें एवं अन्य शीतल पेय वितरित किए गए। बड़ी संख्या में कांवड़ियों ने सेवा का लाभ उठाया और प्रेस क्लब की इस पहल की सराहना की।

प्रेस क्लब अध्यक्ष बाबर खान ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, सेवा और समर्पण का महापर्व है। देशभर से हरिद्वार आने वाले शिवभक्तों की सेवा करना हम सभी का सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी हमेशा अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।
महामंत्री बिक्रमजीत सिंह ने कहा कि शिवभक्तों की सेवा करना भगवान भोलेनाथ की सेवा के समान है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार ऐसे सेवा कार्यों में सहभागी बनना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रेस क्लब के सदस्यों ने लगातार गुजर रहे कांवड़ियों को फल एवं शीतल पेय वितरित कर उनकी यात्रा को सुगम बनाने का प्रयास किया। श्रद्धालुओं ने प्रेस क्लब की इस सेवा भावना की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
इस अवसर पर अध्यक्ष बाबर खान, महामंत्री बिक्रमजीत सिंह, कोषाध्यक्ष मु. दानिश कुरैशी, प्रवक्ता मंत्री बिजेंद्र कुमार, संगठन मंत्री अमित वर्मा, विश्वास सैनी, धर्मराज, प्रीति अग्रवाल, ममता चौहान, प्रभा सिंह, आनंद कश्यप, अभिषेक कश्यप, सागर ठाकुर, रोहन कुमार सहित क्लब के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
