उत्तराखंड में लंबित स्टाम्प वादों के त्वरित निस्तारण के लिए एकमुश्त समाधान योजना लागू,
हरिद्वार। 17 नवंबर 2026 को उत्तराखंड में लंबित स्टाम्प वादों के त्वरित निस्तारण और सरकारी राजस्व की वसूली सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में ‘एकमुश्त निपटारा (वन टाइम सेटलमेंट) समाधान योजना’ लागू की है। हरिद्वार अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने बताया कि यह योजना शासनादेश जारी होने की तिथि से केवल तीन माह तक प्रभावी रहेगी।
प्रदेश के स्टाम्प कलेक्टर न्यायालयों और राजस्व परिषद में भारतीय स्टाम्प अधिनियम, 1899 के तहत बड़ी संख्या में वाद, अपील और निगरानी मामले लंबित हैं। इन मामलों के मुकदमेबाजी में उलझने से सरकारी राजस्व प्रभावित हो रहा था। इस योजना के तहत संबंधित पक्षकारों को प्रारूप-1 पर नोटिस भेजकर जानकारी दी जाएगी, ताकि वे समय रहते इसका लाभ उठा सकें।
योजना का लाभ लेने के इच्छुक पक्षकारों को संबंधित न्यायालय या राजस्व परिषद में प्रार्थना पत्र देना होगा। इसके बाद एक सप्ताह के भीतर जमा करने की तिथि तय होगी। पक्षकार को स्टाम्प कमी की मूल धनराशि, नियमानुसार देय ब्याज और मात्र ₹100 का टोकन अर्थदण्ड कोषागार में मद संख्या-0030 के अंतर्गत जमा करना होगा।
कोषागार की रसीद न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद भारतीय स्टाम्प अधिनियम की धारा 42 के तहत प्रमाण-पत्र जारी कर वाद का अंतिम निस्तारण कर दिया जाएगा। प्रार्थना पत्र मिलने के एक माह के भीतर प्रकरण का निस्तारण अनिवार्य होगा।
जनपद स्तर पर इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा और मासिक प्रगति रिपोर्ट आयुक्त स्टाम्प को भेजी जाएगी। सरकार की इस पहल से जहां राजस्व वसूली में तेजी आएगी, वहीं आम नागरिकों को भी अनावश्यक न्यायिक प्रक्रिया और बढ़ते ब्याज से बड़ी राहत मिलेगी।
