कोतवाली भगवानपुर : गौकशी के फरार आरोपियों के घरों पर ढोल बजाकर चस्पा किए गए कुर्की
के नोटिस,
भगवानपुर (हरिद्वार)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर हरिद्वार पुलिस ने गौकशी के मामलों में फरार चल रहे अपराधियों पर शिकंजा कसना तेज कर दिया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने ग्राम सिकरोड़ा में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों के घरों पर माननीय न्यायालय द्वारा जारी धारा 84 बीएनएसएस के उद्घोषणा आदेश चस्पा किए।
पुलिस टीम ने गांव में ढोल-नगाड़े बजवाकर सार्वजनिक मुनादी भी कराई। वांछित आरोपियों की पहचान इंतजार पुत्र जमशेद और कस्सवर उर्फ तसव्वर पुत्र मकसूद (निवासी ग्राम सिकरोड़ा, भगवानपुर) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी उत्तराखण्ड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 218/2026 में लंबे समय से फरार चल रहे हैं।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि दोनों आरोपी निर्धारित समय सीमा के भीतर न्यायालय में पेश नहीं होते हैं, तो उनके विरुद्ध संपत्ति कुर्की समेत अग्रिम कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
