बिजेंद्र शीर्षवाल
हरिद्वार जनसुनवाई में 49 शिकायतें दर्ज, 28 का मौके पर निस्तारण,
हरिद्वार (प्रदेश की गाथा ब्यूरो) : जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन तथा मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 49 समस्याएं एवं शिकायतें दर्ज की गईं। सीडीओ डॉ. मिश्र ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनमें से 28 शिकायतों का मौके पर ही त्वरित निस्तारण कर दिया। शेष 21 शिकायतों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण हेतु उन्हें संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रेषित कर दिया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर लंबित पड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
