मुख्यमंत्री धामी ने जगद्गुरु शंकराचार्य से भेंट कर लिया आशीर्वाद, कुंभ की तैयारियों पर की चर्चा,
हरिद्वार। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार, 21 नवंबर को हरिद्वार के कनखल स्थित जगतगुरु आश्रम पहुंचकर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज से शिष्टाचार भेंट की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने पूरे उत्तराखंड प्रदेश की निरंतर सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने आगामी कुंभ मेले के सफल, सुव्यवस्थित और दिव्य-भव्य आयोजन के संबंध में जगद्गुरु शंकराचार्य जी से विस्तारपूर्वक चर्चा की तथा उनका मार्गदर्शन भी लिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि मेले में आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इस महत्वपूर्ण अवसर पर राज्य मंत्री विनय रोहिल्ला, कुंभ मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका, जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत सिंह भुल्लर सहित प्रशासन के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
