विकसित भारत के लिए भौतिक प्रगति के साथ नैतिक और आध्यात्मिक उन्नति भी आवश्यक : राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन
हरिद्वार। उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने शनिवार को हरिद्वार स्थित देव संस्कृति विश्वविद्यालय में आयोजित अखिल विश्व गायत्री परिवार के शताब्दी समारोह एवं दीप महायज्ञ में भाग लिया। इस अवसर पर संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसके नागरिकों के चरित्र, संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों में निहित होती है। श्रेष्ठ चिंतन और लोकमंगल के लिए समर्पित कर्म ही एक समर्थ और सशक्त राष्ट्र की मजबूत आधारशिला हैं।
राज्यपाल ने अखंड ज्योति के अवतरण की शताब्दी और माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी वर्ष को आध्यात्मिक चेतना का प्रेरणादायी अवसर बताया। नारी शक्ति के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना आने वाली पीढ़ियों को सशक्त करना है। युवाओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि युवा आधुनिक विज्ञान, प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता में आगे बढ़ने के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों और मानवीय संवेदनाओं से भी जुड़े रहें।
देव संस्कृति विश्वविद्यालय की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह संस्थान भारतीय ज्ञान परंपरा और योग को आधुनिक विज्ञान से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प की ओर बढ़ रहा है, जिसमें उत्तराखंड अपनी आध्यात्मिक विरासत के बल पर महत्वपूर्ण योगदान देगा। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
