पत्रकारिता या गुंडागर्दी? लक्सर में लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को क्षेत्रवाद का ग्रहण,
हरिद्वार (प्रदेश की गाथा) लक्सर में एक मिल के उद्घाटन के दौरान जो कुछ भी हुआ, उसने पत्रकारिता की निष्पक्षता और गरिमा को सरेआम नीलाम कर दिया है। रुड़की और हरिद्वार से आए पत्रकारों को लक्सर के स्थानीय कथित पत्रकारों द्वारा दौड़ा-दौड़ा कर खदेड़ना बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। यह सीधे तौर पर प्रेस की स्वतंत्रता पर हमला और सरेआम दबंगई है।
सवाल यह उठता है कि क्या अब पत्रकारिता भी किसी क्षेत्र विशेष की बपौती बन चुकी है? खबरों को जनता तक पहुंचाना हर पत्रकार का संवैधानिक अधिकार है, फिर लक्सर के इन ‘ठेकेदारों’ को यह हक किसने दिया कि वे तय करें कि कौन कहां कवरेज करेगा? जिस तरह क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई लड़ी गई, उसने समाज में मीडिया की छवि को गहरा धक्का पहुंचाया है।
पत्रकारिता कोई जागीर नहीं, बल्कि जनता की सामूहिक आवाज़ है। जब सच दिखाने वाले ही आपस में सीमाओं और माफियाओं की तरह इलाकों को बांटने लगेंगे, तो वे सत्ता और प्रशासन से जनता के हक के सवाल कैसे पूछेंगे?
इस पूरे शर्मनाक मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। ऐसे तत्वों को चिन्हित कर बाहर का रास्ता दिखाया जाना बेहद जरूरी है, वरना लोकतंत्र के इस चौथे स्तंभ को ढहने में देर नहीं लगेगी। याद रखिए, पत्रकारिता सच का आईना है, किसी की व्यक्तिगत जागीर नहीं!
