रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम कनखल में ‘अंतरराष्ट्रीय मधुमेह दिवस’ पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित,
हरिद्वार (प्रदेश की गाथा ब्यूरो): 22 नवंबर 2026 को रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम, कनखल में अंतरराष्ट्रीय मधुमेह दिवस के अवसर पर मधुमेह (डायबिटीज) से पीड़ित बच्चों और युवाओं का उत्साहवर्धन करने हेतु एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा दीप प्रज्वलन और चित्रकला प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ हुआ।
मुख्य अतिथि ने मिशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जीवन का लक्ष्य बेहतर कार्य करना और समाज के लिए उपयोगी बनना होना चाहिए।
उन्होंने बच्चों में आत्मविश्वास जगाने के मिशन के प्रयासों को पुण्य का कार्य बताया और प्रशासनिक सहयोग का आश्वासन दिया। आश्रम सचिव स्वामी दयामूर्तानंद महाराज ने बताया कि लगभग 20 वर्ष पूर्व तीन बच्चों से शुरू हुए इस मधुमेह क्लब से आज 180 बच्चे और युवा जुड़े हैं, जिन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नियमित मार्गदर्शन दिया जाता है।
कार्यक्रम में 5 से 25 वर्ष तक के प्रतिभागियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और अपने प्रेरक अनुभवों के माध्यम से यह संदेश दिया कि मधुमेह उनके सपनों में बाधा नहीं बन सकता।
इस अवसर पर राजकोट से पधारे स्वामी निखिलेश्वरानंद महाराज ने प्रेरक प्रसंग सुनाकर बच्चों का मनोबल बढ़ाया। कार्यक्रम का संचालन मयंक ने किया तथा अनेक वरिष्ठ चिकित्सक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
