ग्राम पंचायत गाड़ोवाली में पेयजल लाइन लीकेज से बह रहा हजारों लीटर पानी, मुख्य सड़क क्षतिग्रस्त होने का खतरा,
हरिद्वार। हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत गाड़ोवाली की मुख्य सड़क पर पिछले कई दिनों से पेयजल आपूर्ति की पाइपलाइन में भारी लीकेज हो रहा है। इस लीकेज के कारण प्रतिदिन हजारों लीटर स्वच्छ पेयजल व्यर्थ बह रहा है। एक ओर जहां क्षेत्र में पानी की किल्लत बनी रहती है, वहीं दूसरी ओर सड़क पर बहता पानी संबंधित विभाग की बड़ी लापरवाही को साफ उजागर कर रहा है।
मुख्य मार्ग पर लगातार जलभराव होने से सड़क की परत उखड़ने लगी है, जिससे इसके जल्द ही पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने की आशंका बढ़ गई है। राहगीरों और वाहन चालकों को भी फिसलन व गड्ढों के कारण आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है और उन्होंने प्रशासन व विभाग से जल्द लीकेज ठीक कराने की मांग की है।
