अर्द्धवार्षिक कुंभ मेले से पहले दिसंबर तक पूरी करें सभी सड़कें, लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त : त्रिवेंद्र सिंह रावत
हरिद्वार। 19 नवंबर। सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में आज कुंभ मेला नियंत्रण भवन सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
बैठक में केंद्र की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए रावत ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ समाज के अंतिम पात्र व्यक्ति तक पारदर्शिता के साथ पहुंचे।
आगामी जनवरी से प्रारंभ होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर सांसद ने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन हेतु सभी सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को दिसंबर के अंत तक हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि और स्वच्छ भारत मिशन की स्थिति पर चर्चा हुई। रावत ने वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन से वंचित पात्र लोगों को शीघ्र चिह्नित कर लाभ देने और सुकन्या समृद्धि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और सिंचाई से जुड़ी समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया।
सांसद ने सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और परिवहन विभाग के कार्यों की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले तीन महीनों से चल रहे सघन चेकिंग अभियान से यातायात व्यवस्था सुधरी है। जिलाधिकारी ने सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।
बैठक में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, महापौर किरण जैसल, विधायक अनुपमा रावत व वीरेंद्र कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, नगर आयुक्त नंदन कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
