विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां तेज, जोनल व सेक्टर ऑफिसर्स को दिया गया प्रशिक्षण,
हरिद्वार : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निर्विघ्न, शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए निर्वाचन संबंधी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को भेल कन्वेंशन हॉल में जोनल एवं सेक्टर ऑफिसर्स का एकदिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स द्वारा अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों, आदर्श आचार संहिता के पालन, मतदान केंद्रों की व्यवस्था तथा ईवीएम व वीवीपैट के संचालन की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील बूथों का निरीक्षण करने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
