अन्तर्राज्यीय दोपहिया वाहन चोर गैंग का हरिद्वार पुलिस ने किया पर्दाफाश, चोरी के 25 दोपहिया वाहनों के साथ दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।
हरिद्वार : रानीपुर क्षेत्र से लगातार एक के बाद एक दोपहिया वाहनों की चोरी पर नाराजगी जाहिर करते हुए एसएसपी नवनीत सिंह द्वारा रानीपुर कोतवाल की अगुवाई में टीम गठित कर इन घटनाओं का जल्द से जल्द खुलासा करने के कड़े निर्देश देते हुए टैक्निकल सपोर्ट एवं फैक्टर लीड देने की जिम्मेदारी सीआईयू हरिद्वार को सौंपी।
प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी की अगुवाई में गठित टीम ने दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं से संबंधित सभी घटनास्थलों का मौका मुआयना करते हुए संदिग्ध गतिविधियों का ग्राफ तैयार किया व आसपास रह रहे/ काम कर रहे लोगों से पूछताछ करते हुए महत्वपूर्ण सुराग हासिल किए। डिजिटल ग्राफ तैयार करते हुए इलैक्ट्रॉनिक एविडेंस को भी क्रमवार तरीके से समायोजित कर जनपद एवं जनपद से बाहर भी वाहन चोरो की तलाश शुरु की।
लगातार प्रयासों के पश्चात टीम ने कल दिनांक 21.07.2026 को गोपनीय सूचना पर दौराने चैकिंग नहर पटरी से जमालपुर को जाने वाले कच्चे रास्ते के पास से 02 संदिग्ध भव्य उर्फ भोला व सुधीर कुमार को दबोचकर उनके कब्जे से औद्योगिक क्षेत्र से चुराई गई स्पलेण्डर बरामद की।
पूछताछ में ये तथ्य सामने आए कि पूर्व में बिजनौर उ0प्र0 से मोटर साईकिल चोरी के मामले में जेल जा चुका भव्य उर्फ भोला नशे के इंजेक्शन लगाने का आदी है तथा उसका साथी सुधीर एक मोटर मैकेनिक(मिस्त्री) है। ये दोनों साथ मिलकर हरिद्वार, ऋषिकेश, बिजनौर सहित अन्य जगहो से कई मोटर साईकिले चोरी कर सस्ते रेट मे राहगीरों को बेच देते हैं। कोई दोपहिया अगर नही बिक पा रहा है तो उसे खोलकर उसके अलग-अलग पार्ट्स भी बेच देते हैं। काली कमाई से हुए मुनाफे को दोनों आपस मे बराबर बांट लेते हैं। ये भी पता चला कि दोनो आरोपियो ने विभिन्न क्षेत्रो से चोरी की गयी कई मोटर साईकिलों को दादूपुर गोविन्दपुर स्थित एक खण्डहर में छुपा ऱखा है।
पूछताछ में सामने आए तथ्यों एवं पकड़े गए दोनोंआरोपियों की निशांदेही पर पुलिस टीम ने बताए गए खंडहर में छापेमारी कर 24 अन्य मोटर साईकिले एवं वाहनो के पार्ट्स बरामद किये। बरामद वाहनों में हरिद्वार की कोतवाली रानीपुर, कोतवाली ज्वालापुर, कोतवाली नगर, थाना सिड़कुल, थाना मंगलौर एवं पड़ोसी राज्य यूपी के जनपद बिजनौर से चोरी किए गए दोपहिया शामिल हैं। अन्य बरामद मोटर साईकिलो की जानकारी की जा रही है।
