लक्सर में नशामुक्ति और साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन,
लक्सर: उत्तराखंड बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्षता में आज लक्सर ब्लॉक सभागार में एक दिवसीय जन-जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और साइबर सेल हरिद्वार की टीमों ने लगभग 250 जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों को जागरूक किया।
कार्यशाला के दौरान उपस्थित लोगों को नशे के गंभीर दुष्परिणामों से अवगत कराने के लिए विशेष जागरूकता वीडियो दिखाए गए। विशेषज्ञों ने युवाओं को नशे की लत से बचाने और समाज को नशामुक्त बनाने पर जोर दिया। इसके साथ ही साइबर सेल ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी धोखाधड़ी और डिजिटल भुगतान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की व्यावहारिक जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने आमजन से इस संदेश को आगे बढ़ाने की अपील की। इस दौरान आपातकालीन सहायता के लिए मानस पोर्टल/नशामुक्ति हेल्पलाइन 1933 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 जैसी सरकारी हेल्पलाइनों की जानकारी भी साझा की गई।
