सचिवालय में सफाई कर्मचारियों की 13 सूत्रीय मांगों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक, सचिव को सौंपा ज्ञापन,
देहरादून : राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष (दर्जाप्राप्त राज्यमंत्री) भगवत प्रसाद मकवाना की उपस्थिति में सचिवालय में एक उच्च स्तरीय बैठक संपन्न हुई। बैठक में शहरी विकास सचिव नितेश कुमार झा के साथ प्रदेश के सफाई कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान सफाई कर्मियों के कल्याण के लिए 13 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया।
बैठक में आबादी और क्षेत्रफल के आधार पर नए पद सृजित करने, अस्थायी कर्मियों को ₹800 प्रतिदिन मानदेय देने, नियमितीकरण नियमावली 2025 के तहत शीघ्र पक्का करने तथा ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा हुई।
इसके अलावा पर्यावरण मित्रों के लिए ₹10 लाख का बीमा, विशेष कल्याण कोष और आवास व्यवस्था पर सकारात्मक बातचीत हुई। सचिव नितेश झा ने सभी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बैठक में राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा के राजेश राजोरिया, राजीव राजौरी और नीरज नागलिया सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
