बड़ी खबर : उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में दलित युवक को पुलिस चौकी के भीतर थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल, बीजेपी नेता पर मुकदमा दर्ज,
सुल्तानपुर : उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में पुलिस चौकी के भीतर एक दलित युवक को थप्पड़ मारने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला गरमा गया है। इस वायरल वीडियो में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जिला कोषाध्यक्ष पूजा कसौधन पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में ही युवक को सरेआम थप्पड़ मारती और कथित तौर पर धमकी देती दिखाई दे रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में मामला दर्ज किया गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीड़ित अरुण कुमार कोरी नगर कोतवाली क्षेत्र के पल्टू का पुरवा (आदर्श नगर, घोसियाना) के निवासी हैं। पीड़ित ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि 8 जुलाई को जब वह व्यावसायिक कार्य से बाहर जा रहे थे, तभी शाहगंज चौराहे के पास पूजा कसौधन और उनके बेटे रौनक कसौधन ने उन्हें जबरन रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने पीड़ित के साथ गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अपमानित किया। विवाद यहीं नहीं थमा, इसके बाद पुलिस चौकी के अंदर भी युवक के साथ मारपीट की गई।
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने के बाद गुरुवार को पुलिस ने पीड़ित की तहरीर और आरोपों के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मामले पर संज्ञान लेते हुए सीओ सिटी ने बताया कि घटना के समय मौके पर मौजूद दरोगा की भूमिका संदिग्ध पाई गई है, जिसकी गहनता से जांच कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ आगे की कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से यह मामला राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
