नशे के सौदागर सलमान पर हरिद्वार पुलिस का कड़ा प्रहार, PIT-NDPS के तहत किया गिरफ्तार,
हरिद्वार: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नवनीत सिंह के निर्देशन में हरिद्वार पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अपना कड़ा अभियान जारी रखा है। इसी क्रम में कोतवाली मंगलौर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात नशा तस्कर और हिस्ट्रीशीटर सलमान (पुत्र जहांगीर, निवासी पीरपुरा) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर और एनडीपीएस (NDPS) एक्ट सहित आधा दर्जन से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। लगातार अपराधों में संलिप्त रहने के कारण पुलिस ने सलमान के खिलाफ PIT-NDPS एक्ट के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की रिपोर्ट उत्तराखंड शासन को भेजी थी। इसके बाद से ही आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी मंगलौर के सुपरविजन में गठित विशेष पुलिस टीम और सीआईयू (CIU) रुड़की ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 9 जुलाई 2026 को सटीक सूचना के आधार पर उसे दबोच लिया। हरिद्वार पुलिस ने साफ किया है कि समाज को खोखला करने वाले नशा तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
