हरिद्वार पुलिस का ‘आप्रेशन प्रहार ‘ रूड़की में बुलेट चोर गिरफ्तार, साथी की तलाश जारी,
रुड़की : ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत हरिद्वार पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ अपनी सख्त कार्रवाई जारी रखते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, बीती 10 जुलाई को ग्राम शेरपुर निवासी रामकुमार सैनी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 4 जुलाई को मेथाडिस्ट कॉलेज के पास से उनकी बुलेट चोरी हो गई थी। एसएसपी हरिद्वार के निर्देशन में कोतवाली रुड़की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक भजराम चौहान के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर 12 जुलाई को कलियर नहर पटरी के पास घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी कोशिंदर (पुत्र स्व. नरेश कुमार, निवासी डाडली, भगवानपुर) को चोरी की बुलेट के साथ धर दबोचा गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी के एक अन्य साथी (निवासी बुड्ढा खेड़ा, सहारनपुर) का नाम सामने आया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
