गुरु गोविंद सिंह जी की पुण्यतिथि पर बड़े हर्षोल्लास से मनाया गया वार्षिक श्रद्धा महोत्सव: संतों ने दिया सनातन परंपरा और सेवा का संदेश,
हरिद्वार (प्रदेश की गाथा) दशमेश पिता गुरु गोविंद सिंह जी की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित भव्य श्रद्धा महोत्सव में विभिन्न अखाड़ों और आश्रमों के प्रमुख संत-महंतों ने शिरकत की। महोत्सव में नया उदासीन अखाड़ा के मुख्य पूज्य महंत भगत राम, बाबा हठयोगी, संत दुर्गा दास, कोठारी जसविंदर सिंह शास्त्री और महामंडलेश्वर करौली शंकर दास महाराज सहित कई आध्यात्मिक विभूतियों ने श्रद्धालुओं को आशीर्वचन दिए।
श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल के सचिव महंत देवेंद्र शास्त्री ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी का जीवन त्याग, तपस्या और मानवता की सेवा का अनुपम प्रेरणास्रोत है। अखाड़ों की संत परंपरा हमेशा से समाज को सही आध्यात्मिक दिशा देती आई है। वहीं, उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश महासचिव तेलूराम प्रधान ने गुरु महाराज के योगदान को नमन करते हुए कहा कि उनके विचार समाज को एकजुटता और साहस का संदेश देते हैं। महोत्सव में बड़ी संख्या में पहुंचे भक्तों ने संतों का आशीर्वाद लिया और गुरु के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
