संविधान दिवस पर मुख्य विकास अधिकारी ने दिलाई प्रस्तावना की शपथ, वरिष्ठ अधिवक्ता सम्मानित,
हरिद्वार। संविधान दिवस पर कलेक्ट्रेट कार्यालय में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित हुआ। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया। डॉ. मिश्र ने कहा कि संवैधानिक मूल्यों को जीवन व कार्यशैली में अपनाना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने सभी से ईमानदारी व पारदर्शिता के साथ आमजन को बेहतर सेवाएं देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड के महत्वपूर्ण कानूनों के प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता पर चर्चा हुई। इनमें समान नागरिक संहिता-2024, भूमि व्यवस्था संशोधन अधिनियम-2025, संपत्ति क्षति वसूली अधिनियम-2024, प्रतियोगी परीक्षा नकल रोधी अधिनियम-2023, अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थान अधिनियम-2025, धर्म स्वतंत्रता कानून और देवभूमि परिवार अधिनियम-2026 शामिल रहे। इनके प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जनपद स्तर पर गोष्ठियां आयोजित करने व विभागों के बीच समन्वय बनाने पर जोर दिया गया।
इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता गंगा शरण खन्ना व अधिवक्ता ओम प्रकाश को सम्मान पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम कुमकुम जोशी, उप निदेशक श्याम सिंह तोमर, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, समाज कल्याण अधिकारी सुबोध शर्मा, डीपीआरओ अतुल प्रताप सिंह सहित अन्य अभियोजन अधिकारी व अधिवक्ता उपस्थित रहे।
