गंभीर खामियों के चलते भगवानपुर स्थित वाहन स्क्रैपिंग सेंटर सील,
हरिद्वार, 26 नवम्बर 2026। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), देहरादून संभाग संदीप सैनी के नेतृत्व में गठित टीम ने भगवानपुर के सिकन्दरपुर भैंसवाल स्थित मैसर्स आर.ए.जी. इंजन्स प्रा. लि. वाहन स्क्रैपिंग केंद्र का औचक निरीक्षण किया। टीम में एआरटीओ निखिल शर्मा, कृष्ण पलड़िया एवं जितेन्द्र चन्द शामिल रहे।
निरीक्षण में कई मशीनें गायब या महीनों से बंद मिलीं। हानिकारक तरल पदार्थ, बैटरी, एसी गैस, इलेक्ट्रॉनिक अपशिष्ट निस्तारण और अग्निशमन व्यवस्था में गंभीर कमियां पाई गईं। परिसर में स्क्रैप व टूटे शीशे बिखरे मिले तथा प्रशिक्षित कर्मचारी व आवश्यक अभिलेख भी उपलब्ध नहीं थे।
पर्यावरण और जनसुरक्षा के खतरे को देखते हुए अग्रिम आदेशों तक सेंटर का संचालन बंद करवा दिया गया है। संचालक से स्पष्टीकरण मांगते हुए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से जांच की संस्तुति की गई है।
आरटीओ ने एक सप्ताह में अन्य सेंटरों के निरीक्षण के भी निर्देश दिए हैं।
