नशे से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में भूमिका निभाएं युवा : प्रियंका शुक्ला
हरिद्वार। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विकास भवन सभागार में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर तैनात ‘मेरा युवा भारत (MY Bharat)’ की सीईओ प्रियंका शुक्ला ने की। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) हरिद्वार की सचिव सिमरनजीत कौर मुख्य रूप से मौजूद रहीं।
बैठक को संबोधित करते हुए सीईओ प्रियंका शुक्ला ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा का उपयोग सकारात्मक दिशा में करने, स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को भी नशा मुक्त बनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
वहीं, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र ने युवाओं को शिक्षा, खेल और कौशल विकास जैसे रचनात्मक कार्यों से जुड़ने की सलाह दी। डीएलएसए सचिव सिमरनजीत कौर ने नशे के सामाजिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने को कहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित युवाओं और गणमान्य लोगों को किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ का सेवन न करने और नशा मुक्त समाज बनाने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर आयुष, राहुल कुमार, आदित्य चौहान, रोशन, मनोज चौहान, राहुल डबराल और अविनाश सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
