धर्मनगरी में अधिवक्ताओं को मिली बड़ी सौगात, हरिद्वार जिला न्यायालय परिसर में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सभागार का हुआ भव्य उद्घाटन,
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन हरिद्वार के नवनिर्मित अधिवक्ता सभागार का भव्य उद्घाटन, न्यायिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने की शिरकत,
हरिद्वार : डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन (रजि.), हरिद्वार के नवनिर्मित अधिवक्ता सभागार का शुक्रवार को भव्य एवं गरिमामय समारोह के बीच उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश नरेंद्र दत्त, एच.जे.एस. ने की। इस अवसर पर प्रधान परिवार न्यायाधीश अजय चौधरी सहित अन्य न्यायिक अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
समारोह में जनप्रतिनिधियों, न्यायिक अधिकारियों, बार काउंसिल के पदाधिकारियों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं, महिला अधिवक्ताओं एवं मीडिया प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में माननीय विधायक श्री आदेश चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की भी सहभागिता रही। काशीपुर के पूर्व बार अध्यक्ष उमेश जोशी का भी विशेष रूप से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जसमहेन्द्र सिंह एवं सचिव विपिन चन्द्र द्विवेदी, एडवोकेट सहित बार के पदाधिकारी उपस्थित रहे। समारोह में जनप्रतिनिधियों, न्यायिक अधिकारियों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं तथा अधिवक्ता समुदाय का बार एसोसिएशन की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधियों का भी विशेष रूप से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी मंच संचालन बार एसोसिएशन के सचिव विपिन चन्द्र द्विवेदी, एडवोकेट ने किया। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए नवनिर्मित सभागार के निर्माण की पूरी यात्रा, बार के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं के प्रयास तथा सहयोगकर्ताओं के योगदान का उल्लेख किया।
समारोह को अनेक वरिष्ठ अधिवक्ताओं एवं गणमान्य व्यक्तियों ने संबोधित किया।इस दौरान नरेंद्र सिंह चौहान, विजय शर्मा, प्रदीप जख्ता, तनवीर भारती, रियाजुल, राकेश गुप्ता, अजय चौधरी एवं सुशील बसीम सहित अन्य वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। बार काउंसिल के चेयरमैन राकेश गुप्ता ने भी अधिवक्ता हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ताओं अरविंद श्रीवास्तव, जगदीप शर्मा, उत्तम सिंह चौहान एवं कुलवंत सिंह चौहान की उपस्थिति रही। वहीं बार एसोसिएशन की उपाध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी कपिल सहित अन्य वरिष्ठ महिला अधिवक्ताओं ने भी समारोह में सहभागिता की।
समारोह में सभागार निर्माण में सहयोग देने वाले जनप्रतिनिधियों, अधिवक्ताओं, दानदाताओं एवं अन्य सहयोगियों के प्रति बार एसोसिएशन की ओर से आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के दौरान सहयोगकर्ताओं के योगदान को अधिवक्ता समुदाय के सामूहिक प्रयास का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया गया।
सचिव विपिन चन्द्र द्विवेदी ने कहा कि नवनिर्मित अधिवक्ता सभागार केवल एक भवन नहीं, बल्कि अधिवक्ता समुदाय की एकजुटता, परिश्रम और सहयोग की परिणति है। उन्होंने कहा कि सभागार से अधिवक्ताओं को बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, अधिवक्ता हितों से जुड़े आयोजनों तथा विभिन्न सामाजिक एवं बार गतिविधियों के लिए बेहतर एवं सुव्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा।
उन्होंने सभागार निर्माण में सहयोग करने वाले सभी अधिवक्ताओं, जनप्रतिनिधियों, दानदाताओं एवं सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया तथा कहा कि बार एसोसिएशन भविष्य में भी अधिवक्ता हितों एवं बार के विकास के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
नवनिर्मित सभागार के उद्घाटन को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। उपस्थित अधिवक्ताओं ने इसे डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन हरिद्वार के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। समारोह का समापन सभी अतिथियों, न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।
